आरबीआई ने विदेश में निवेश के लिए नियम बनाए हैं और इन्हें मुख्य रूप से दो श्रेणियों में बांटा है:
ओवरसीज पोर्टफोलियो इन्वेस्टमेंट: इसमें वे इक्विटी निवेश शामिल होते हैं जो ओडीआई की श्रेणी में नहीं आते. उदाहरण के तौर पर सूचीबद्ध विदेशी कंपनियों में 10% से कम हिस्सेदारी खरीदना या विनियमित अंतरराष्ट्रीय फंड्स में निवेश करना.
ओवरसीज डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट (ओडीआई): यह आमतौर पर गैर-सूचीबद्ध विदेशी कंपनियों में इक्विटी खरीदने को कहा जाता है.
भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई भारतीयों को वैश्विक स्तर पर निवेश करने की अनुमति देता है. भारतीयों द्वारा विदेश में निवेश को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फ़ेमा) और उदारीकृत प्रेषण योजना (एलआरएस) के तहत नियंत्रित किया जाता है. एलआरएस के तहत कोई भी भारतीय निवासी हर वित्तीय वर्ष में 2,50,000 डॉलर तक की राशि विदेश भेज सकता है, जिसमें विदेशी शेयरों में निवेश भी शामिल है.
ओवरसीज पोर्टफोलियो इन्वेस्टमेंट नियमों के तहत आप विदेशी ट्रेडिंग अकाउंट खोलकर टेस्ला, एप्पल या माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों के शेयरों में सीधे निवेश कर सकते हैं, लेकिन कुछ शर्तों के साथ किसी विदेशी कंपनी में आपकी हिस्सेदारी सामान्यतः 10% से कम होनी चाहिए (रिटेल निवेशक आमतौर पर इससे काफी कम हिस्सेदारी रखते हैं). दूसरा निवेशक कंपनी पर नियंत्रण नहीं रख सकते. साथ ही निवेश के लिए एलआरएस के तहत वैध बैंकिंग चैनलों का इस्तेमाल करना ज़रूरी है.
